(BHASHA)
देहरादून के पैनेसिया अस्पताल में आग लगने से एक महिला की मौत हो गई और 10 अन्य मरीज घायल हो गए, जिनमें तीन पुलिसकर्मी भी
- Country:
- India
देहरादून, 20 मई (भाषा) देहरादून के एक निजी अस्पताल में बुधवार को आग लगने से वहां भर्ती एक महिला की मौत हो गई और 10 अन्य मरीज घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।.
पुलिस ने बताया कि बचाव कार्य में शामिल तीन पुलिसकर्मियों को भी घुटन और सांस लेने में दिक्कत की वजह से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा जबकि घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड सरकार ने सभी निजी अस्पतालों की जांच के आदेश दिए हैं।.
घटना यहां हरिद्वार रोड पर स्थित पैनेसिया अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हुई जहां एयर कंडीशनर में शार्ट सर्किट से हुए विस्फोट के कारण आग लग गयी।.
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आईसीयू में भर्ती मरीजों को बाहर निकाला।.
हालांकि, घटना में कुछ मरीज घायल हो गए तथा गैस व धुंए के कारण ऑक्सीजन की कमी होने के चलते उनकी दिक्कतें बढ़ गईं। इसके बाद उन्हें विभिन्न नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया।.
पुलिस ने बताया कि बचाव कार्य में शामिल कुछ पुलिसकर्मियों ने भी जलन, घुटन, सांस लेने में दिक्कत तथा बेहोशी जैसी शिकायतें कीं जिसके बाद उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।.
पुलिस ने बताया कि उपचार के दौरान पैनेसिया अस्पताल के आईसीयू में पहले से ही वेंटिलेटर पर रखी गई 60 वर्षीय एक महिला की मृत्यु हो गई। महिला की पहचान देहरादून के बल्लीवाला क्षेत्र की रहने वाली वीरवती के रूप में हुई है।.
पुलिस के अनुसार, घटना में 10 अन्य मरीज घायल हुए जबकि तीन पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। घायल मरीजों में एक ढाई साल की बच्ची तथा एक नवजात शिशु भी शामिल है।.
घटना की सूचना मिलने के बाद अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे गढ़वाल के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप ने कहा कि सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया।.
उन्होंने कहा कि शुरुआती आकलन से प्रतीत होता है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी। हालांकि, घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।.
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल भी घटनास्थल का निरीक्षण करने अस्पताल पहुंचे।.
उनियाल ने कहा कि उन्होंने देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को सभी निजी अस्पतालों की जांच के आदेश दिए हैं जिससे यह पता चल सके कि वहां सुरक्षा तथा अन्य मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं ।.
उनियाल ने यह भी कहा कि मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।.
भाषा दीप्ति ARB.
ARB
Google News